पांच वर्ष तक के सभी बच्चों की सूची तैयार करने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। 28 मई से पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत होगी। इसमें पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी। प्रभारी चिकित्साधिकारी सदर डॉ. मनोज कुमार मिश्रा ने एएनएम को बच्चों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. मनोज मंगलवार को सीएचसी सभागार में एएनएम के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने बताया कि सदर क्षेत्र के 125 केंद्रों पर 28 मई को पोलियोरोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी। एक केंद्र पर तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। 29 मई से 80 टीम घर-घर जाकर दवा पिलाएगी। केंद्र व टीम की निगरानी 24 सुपरवाइजर करेंगे।
उन्होंने कहा कि सभी एएनएम अपने क्षेत्र में दवा की उपलब्धता को ध्यान में रखें। गर्मी को देखते हुए वैक्सीन का रखरखाव करें। ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सूर्य प्रताप ने कहा कि अधिकतर बच्चों को बूथ पर दवा पिलाई जाए। इससे घर-घर भ्रमण के समय परेशानी नहीं होगी। इस मौके पर नौसाद, स्नेहलता, पुष्पा, संजूला, वंदना, रेखा, रीना, आभा, सुनीता, फूलवासी आदि मौजूद रहीं।