सदर सीएचसी सभागार में एएनएम को बैठक के दौरान दिए जरूरी दिशा निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। दायित्व के प्रति एएनएम सजग रहे। लापरवाही होने पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग समय से होनी चाहिए। क्षेत्र में भ्रमण के दौरान आशा कार्यकर्ता से समन्वय बनाकर बेहतर ढंग से कार्य करें।
यह निर्देश जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. केपी सिंह ने दिया। वह मंगलवार को सदर सीएचसी सभागार में एएनएम के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग संचारी रोगों को काबू में करने के लिए विगत वर्षों की भांति संचारी रोग नियंत्रण माह मनाया रहा है। शासन, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से संचारी रोगों को काबू में करने में सफलता मिल रही है। संक्रामक बीमारियों से बचाव का एक माह का विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान जिले में शुरू हो गया है। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायती राज विभाग, नगर निकाय विभाग, पशुपालन, आईसीडीएस और कृषि विभाग समेत विभिन्न सहयोगी विभाग और संस्थाएं एक साथ मिल कर बीमारियों से बचाव के कदम उठाएंगी। इसी दौरान 17 जुलाई से 31 जुलाई तक आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीम घर घर जाकर बुखार, कोविड, कुपोषित बच्चों, टीबी, फाइलेरिया और कुष्ठ के मरीजों की सूची बनाएंगी। उन्होंने कहा कि एक माह का अभियान मौसम की दृष्टि से और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि बरसात के बाद मच्छरों का प्रकोप बढ़ेगा। लोगों तक यह संदेश पहुंचाना है कि नालियों में पानी जमा न होने दें, झाड़ियों की सफाई करें, घर में भी कहीं साफ पानी जमा न होने दें। इस दौरान ब्लाॅक कार्यक्रम प्रबंधक सूर्य प्रताप सिंह, अनुराधा, साधना, मीरा आदि मौजूद रहे।