महराजगंज जिले में श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मुड़कटिया में सोमवार दोपहर कमरे में छत की कुंडे से लटकता किशोर का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, मुड़कटिया निवासी विष्णु चौरसिया (14) सोमवार को दोपहर में खेत में खाद डालकर घर आया। तभी किसी मित्र का फोन आ गया और वह जाने लगा, जिस पर मां ने उसे डांट दिया और जाने से मना कर दिया। मां की डांट से क्षुब्ध विष्णु अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा खोला और देखा कि विष्णु फंदे पर लटका हुआ है।
परिजन उसे लेकर सीएचसी परतावल गए, जहां डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। रिपोर्ट आने पर ही कुछ बताया जा सकता है।