चोरी का विरोध करने पर बुजुर्ग का गला दबाकर हत्या का प्रयास
निचलौल (महराजगंज)। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बरवा सोनिया गांव में सोमवार देर शाम को चोरी का विरोध करना एक बुजुर्ग के लिए महंगा पड़ गया, क्योंकि चोरी का विरोध करने से नाराज युवक ने बुजुर्ग को बेरहमी से पिटाई की। उससे भी युवक का मन नहीं भरा तो बुजुर्ग का गला दबाकर हत्या करने की कोशिश करने लगा।
विवाद होते देख मौके पर पहुंचे लोगों ने आक्रोशित युवक के चंगुल से बुजुर्ग को किसी तरह से बचा लिया। उसके बाद घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदौर में भर्ती कराया।
पीड़ित बरवा सोनिया गांव के रहने वाले रामधारी (75) ने मंगलवार को सिंदुरिया पुलिस को तहरीर देकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने बताया कि सावन माह में कीर्तन कराने की व्यवस्था में जुटे था। इसी बीच पड़ोस के एक युवक ने मौका पाकर घर में घुस 10 हजार नकद और जायदाद का कागजात सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। जिसका विरोध करने पर आक्रोशित युवक ने पहले जमकर पिटाई की। उसके बाद युवक ने गला दबाकर हत्या करने का प्रयास करने लगा। सिंदुरिया थाना प्रभारी रामकृष्ण यादव ने कहा कि मामलें की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।