महराजगंज के तराई क्षेत्र में प्रतिभा की कमी नहीं है। यहां के युवा हर क्षेत्र में जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। पनियरा क्षेत्र के अमित कुमार मौर्य ने वेब सीरीज पंचायत 3 में बम बहादुर का अभिनय कर सबको अपनी प्रतिभा दिखाई तो हर तरफ उनके अभिनय की प्रशंसा हो रही है। कला के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर उन्होंने जिले का मान बढ़ाया है। युवाओं के लिए वे अब प्रेरणास्रोत बन चुके हैं।
पंचायत पार्ट 3 में बम बहादुर का रोल काफी अहम है। कई एपिसोड की कहानी उन्हीं के आगे-पीछे घूमती है। उनकी छवि को बेबाक और हिम्मती दिखाया है। इस पार्ट में बम बहादुर अपने एक कबूतर के लिए विधायक तक से भिड़ जाता है। विधायक से भिड़ने से लेकर अंत तक की कहानी और बीच में फुलेरा ग्राम पंचायत के सचिव, सांसद और अन्य जिम्मेदारों का आना, फिल्म को और खास बना देता है।
जानकारी के अनुसार, अमित कुमार मौर्य महुअवा शुक्ल थाना पनियरा के रहने वाले हैं। वर्ष 2012 में थियेटर की दुनिया में इन्होंने कदम रखा। सबसे पहले त्रिभुवन मिश्र सीए टॉपर में एक छोटा सा अभिनय मिला था। द ब्रोकन न्यूज में भी रोल मिला। अभी तक 10 से 12 विज्ञापन करने का अवसर मिला है।
तीन फिल्मों में काम करने का मौका मिल चुका है। बॉलीवुड और एक भोजपुरी फिल्म में अभिनय करने का मौका मिला है। बम बहादुर मतलब अमित की पढ़ाई वीर बहादुर सिंह मेमोरियल महाविद्यालय पनियरा से ग्रेजुएशन में हुई है। भारतेंदु नाट्य एकेडमी में पढ़ाई किया है।
अमित ने बताया कि स्कूल में इवेंट होता था तो शिक्षक हमेशा प्रोत्साहित करते थे। स्कूल से ही अभिनय करने की कला विकसित हुई तो पीछे मुड़कर नहीं देखा। जब मंच मिलता था, तो अच्छा अभिनय करता था। स्टेंड अप कॉमेडी शो में भी रोल निभाने के लिए मिला।
बताया, पंचायत वेब सीरीज में बम बहादुर का अभिनय करने के लिए मिला है। अमित ने बताया कि काम करने का जज्बा हो तो सफलता जरूर मिलती है। युवाओं को आगे बढ़ने के लिए सतत परिश्रम करते रहना चाहिए। जिस क्षेत्र में काम करना हो, उसके बारे में बेहतर जानकारी होनी चाहिए।