सिसवा बाजार। आईपीएल चीनी मिल में तकनीकी खराबी की वजह से बंद पड़ी गन्ने की पेराई आज से शुरू हो सकती है। बिजनौर से अल्टीनेटर सोमवार को सिसवा पहुंच गया। इसके बाद इंजीनियर टारबाइन से अल्टीनेटर को जोड़ने की प्रक्रिया युद्ध स्तर पर शुरू कर दी है। इंडियन पोटाश लिमिटेड चीनी मिल की सिसवा इकाई के यूनिट हेड आशुतोष अवस्थी व गन्ना प्रबंधक कर्मवीर सिंह ने बताया कि बिजनौर से ढाई मेगावाट की अल्टीनेटर के आने बाद टारबाइन से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस प्रोसेस में 12 से 15 घंटे का समय लगता है। उसके बाद गन्ने की पेराई शुरू हो जाएगी। किसानों को अपने फसल को लेकर कहीं अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा और कुछ ही दिनों में क्षेत्र के बचे हुए गन्ने की पेराई के उपरांत ही मिल बंद होगी। संवाद