महराजगंज। विकास खंड के ग्राम सभा मलमलिया उर्फ सिरसिया में मनरेगा योजना के तहत कराए गए सीसी रोड निर्माण में ग्रामीणों ने अनियमितता का आरोप लगाया है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। टीम मानकों की जांच करेगी। सिरसिया में सुमन के घर से फारूख के घर तक चार मीटर चौड़ा व लगभग 122 मीटर लंबा सीसी सड़क का निर्माण मनरेगा योजना के तहत कराया गया है। आरसीसी की मोटाई मानक से कम है। निर्माण कार्य में सेम ईंट और घटिया बालू का प्रयोग किया गया है। शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान, रोजगार सेवक व ब्लाॅक कर्मचारियों की मिलीभगत से खराब निर्माण कराकर सरकारी धन का बंदरबांट किया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी श्वेता मिश्रा ने बताया कि उक्त निर्माण कार्य की जांच बीओ पीआरडी व ब्लाॅक तकनीकी सहायक से कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। संवाद