सोनौली। भारत-नेपाल सीमा के नेपाल स्थित बेलहिया क्षेत्र में एक भारतीय युवक को बंधक बनाकर मोबाइल और रुपये छीनने का मामला सामने आया है।
पीड़ित युवक के अनुसार, घटना के बाद उसे वृहस्पतिवार की शाम छोड़ दिया गया और डरा-धमकाकर भारत भेज दिया गया। युवक बिना पुलिस को सूचना दिए सीधे अपने घर जा रहा था। रास्ते में उसने लोगों को आपबीती बताई। पीड़ित की पहचान सीतू निवासी आदर्श नगर पंचायत आनंदनगर के वार्ड नंबर आठ, रहमान मार्केट के रूप में हुई है। युवक का आरोप है कि बीती रात बेलहिया क्षेत्र में कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर मोबाइल और नकदी छीन ली तथा उसे बंधक बना लिया। बाद में उसे छोड़ दिया गया। हालांकि युवक की ओर से अभी तक भारतीय पुलिस में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। सोनौली चौकी प्रभारी उमाकांत सरोज ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।