नगरीय निकायों के समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अनुनय झा ने दिया निर्देश, अनुपस्थिति पर ईओ आनंदनगर से मांगा स्पष्टीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नगर पालिका महराजगंज व नौतनवां में निर्माण कार्यों की खराब प्रगति पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने दोनो निकायों के अवर अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि दी एवं अधिशासी अधिकारियों को चेतावनी दी। बिना सूचना बैठक में अनुपस्थित रहने पर नगर पंचायत आनंदनगर के अधिशासी अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के लिए अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए।
वे बुधवार की शाम को कलक्ट्रेट सभागार में नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों से कहा कि वे सुंदरीकरण कार्य में उन्हीं चौराहों को शामिल करें जहां का प्रस्ताव न हो। वाटर एटीएम के स्थल का चयन उनकी आर्थिक उपयोगिता को देखते हुए किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन जिन कार्यों की प्रगति 60 प्रतिशत या उससे अधिक है, उसे एक माह में पूरा करें। जिन परियोजनाओं में कार्य की प्रगति इससे कम है उनके विलंब के कारण सहित आख्या को अगली बैठक से पूर्व प्रस्तुत किया जाए। जिन निकायों में ठेकेदार की ओर से कार्य नहीं किया जा रहा है उन्हें नोटिस जारी करते हुए काली सूची में डाला जाए।
एमआरएफ सेंटर के सुचारू संचालन के लिए नगर निगम से समन्वय स्थापित करने, 15वें वित्त व राज्य वित्त से नियमानुसार कार्य कराने को कहा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सभी अधिशासी अधिकारी आदि मौजूद रहे।
एक निकाय एक जेई की व्यवस्था पर दें जोर
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी से कहा कि सभी निकायों में एक निकाय एक जेई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ऐसा न होने से कार्य में लेटलतीफी हो रही है।
सफाई शुल्क निर्धारित कर कलेक्शन बढ़ाएं
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सफाई शुल्क निर्धारित करते हुए संबंधित निकाय में वसूली को बढ़ाने का कार्य करें।