महराजगंज। अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत अब समय से प्रक्रिया पूर्ण कर प्रवेश दिलाने की तैयारी है। नए शत्र की शुरुआत अप्रैल में हुई थी, लेकिन आरटीई के तहत विलंब से चयन की कार्रवाई हुई। जुलाई, अगस्त तक बच्चोंं को विभिन्न स्कूलों में प्रवेश दिलाया गया। इससे बच्चों का कोर्स पिछड़ गया, लेकिन इस बार समय से तैयारी पूर्ण करने के आदेश प्राप्त हो चुके हैं।
शैक्षिक सत्र 2025-26 में बच्चों का कोर्स न पिछड़े, इसके लिए समय से चयन प्रक्रिया पूर्ण कर प्रवेश दिलाया जाएगा। इसे लेकर महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने दिसंबर 2024 से ऑनलाइन आवेदन लेने और चयन कार्रवाई करने का कार्यक्रम जारी किया है। प्रथम चरण में एक से 19 दिसंबर तक आवेदन होंगे, 20 से 23 दिसंबर तक आवेदनों का सत्यापन, 24 दिसंबर को लाॅटरी से स्कूल आवंटन और 27 दिसंबर को आवंटित स्कूलों की सूची जारी करनी होगी।
दूसरे चरण में एक से 19 जनवरी 2025 तक आवेदन, 20 से 23 तक सत्यापन और 24 जनवरी को लाॅटरी खुलेगी। 27 जनवरी को स्कूल आवंटन की सूची जारी होगी। तीसरे चरण में एक से 19 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन, 20 से 23 तक सत्यापन, 24 को लाॅटरी खुलेगी और 27 को स्कूल आवंटन की सूची प्रकाशित की जाएगी। चौथे चरण में एक से 19 मार्च तक आवेदन होंगे। 20 से 23 तक सत्यापन होगा। 24 को लाटरी खोलकर 27 मार्च को आवंटित स्कूल की सूची जारी की जाएगी। 31 मार्च तक बच्चों का दाखिला कराने का लक्ष्य शासन ने निर्धारित कर दिया है।
-
शैक्षिक सत्र 2025-26 में आरटीई के तहत आवेदन और चयन की कार्रवाई चार चरण में 31 मार्च तक पूरा करने के लिए आदेश प्राप्त हो चुके हैं। दिसंबर 2024 से ही इसके लिए प्रक्रिया प्रभावी की जाएगी। निजी स्कूलों को इसके लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
-श्रवण गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी