महराजगंज। 27 दिसंबर से 30 जनवरी तक चलाए जा रहे विटामिन ए संपूर्ण अभियान का शुभारंभ बुधवार को अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. राकेश कुमार और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. केपी सिंह ने बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाकर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इंदिरा नगर में अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के अंतर्गत नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की नौ खुराक दी जाएगी।
एसीएमओ ने कहा कि बच्चों में होने वाली रतौंधी और खसरा के रोकथाम के लिए यह अभियान वर्ष में दो बार चलाया जाता है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक बच्चे को छह माह तक मां का ही दूध पिलाने के लिए प्रेरित करना है। इसमें घुट्टी, शहद व पानी न दिया जाए। बीपीएम सूर्यप्रताप सिंह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य टीकाकरण, विटामिन ए की खुराक, अति कुपोषित बच्चों की पहचान और प्रबंधन करना है। प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी को अभियान को सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बुधवार और शनिवार को आंगनबाड़ी और एएनएम के द्वारा यह खुराक दिया जाएगा। इस मौके पर महिला चिकित्साधिकारी डाॅ. नमिता गुप्ता, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह, स्टाफ नर्स शिल्पा, प्रशांत, एएनएम सारिका मौजूद रहे। संवाद