16 जून 2023 को घोड़हवा चौराहा स्थित मिनी बैंक लूट में शामिल था आरोपी
फरार आरोपी पर घोषित था 10 हजार रुपये का इनाम
संवाद न्यूज एजेंसी
निचलौल। शहर के घोड़हवा चौराहे पर बीते 16 जून को बदमाशों ने असलहे के दम पर दिनदहाड़े मिनी बैंक में लूट की घटना का अंजाम दिया था। जिसमें शामिल छह आरोपियों को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि एक आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। शुक्रवार की रात पुलिस ने घटना के करीब साढ़े चार माह बाद फरार चल रहे आरोपी को शहर से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। फरार आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी रखा गया था।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि आरोपी सोनू उर्फ छेदी निवासी पोखरभिंडा थाना फरेंदा ने बीते 16 जून को अपने साथियों के साथ निचलौल शहर स्थित घोड़हवा चौराहे के पास मिनी बैंक से लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद से आरोपी सोनू उर्फ छेदी फरार चल रहा था। जिसे गिरफ्तार करने के लिए 10 हजार रुपये का इनाम भी रखा गया था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
इसी बीच मुखबिर से मिली की फरार आरोपी सोनू उर्फ छेदी शहर के मेन मार्केट में छिपा है। उक्त सूचना पर पुलिस टीम ने मेन मार्केट में छापा मारकर सोनू उर्फ छेदी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
-
आठवीं पास है मिनी बैंक लूटने वाला आरोपी
घोड़हवा चौराहे पर स्थित मिनी बैंक को दिनदहाड़े असलहे के दम पर लूट करने वाले आरोपियों में शामिल आरोपी सोनू उर्फ छेदी ने पुलिस के पूछताछ में बताया कि घर की आर्थिक स्थित खराब है। पिता कोमल शर्मा मजदूरी करते हैं। मां शकुंतला लंबे समय से बीमारी से जूझ रही हैं। वह दो भाइयों में बड़ा हैं। उसने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। घर की आर्थिक स्थित और मां की बीमारी को इलाज कराने के लिए वह काफी परेशान था।
इसी बीच उसके गांव आए लुटेरे राजकुमार से मुलाकात हुई। मुलाकात के दौरान हुई बातचीत में वह राजकुमार के बहकावे में आ गया। फिर वह पैसा कमाने के लिए राजकुमार के साथ रहने लगा। इसी बीच 16 जून को निचलौल शहर के घोड़हवा चौराहे पर स्थित मिनी बैंक को लूटने के लिए राजकुमार के गिरोह में शामिल हो गया। फिर वह घटना को अंजाम देने की रणनीति से असलहा लेकर मिनी बैंक में आकर बंद काउंटर की छलांग लगाते हुए बैंक के अंदर घुस गया। उसके बाद बैंक में मौजूद युवक पर असलहा तान रकम और लैपटॉप लूटने में उसने मदद की थी।