भिटौली। बुधवार दोपहर घुघली थाना क्षेत्र के धनगड़ी गांव में जमीन के विवाद को लेकर तनाव का मामला सामने आया है। गांव निवासी अवधेश कुमार वर्मा ने घुघली थाने में शिकायत कर गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने शिकायती पत्र में बताया है कि वह अपनी पुस्तैनी जमीन पर मकान निर्माण के लिए नींव खोदवा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान उनके पटीदार मौके पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। अवधेश कुमार वर्मा का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उन्होंने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस बुलाई लेकिन आरोपी पुलिस के सामने भी विवाद से इनकार करता रहा। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे गोली मारने की धमकी दी गई जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है। पीड़ित ने यह भी बताया कि वर्ष 2015 में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी जिसकी प्राथमिकी न्यायालय में विचाराधीन है। मामले में पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी जखीरा भूपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।