परसा मलिक। नौतनवां-ठूठीबारी मार्ग पर ग्राम पंचायत रेहरा टोला मनिकौरा गांव में पुलिया के पास नाले में बुधवार की शाम लावारिस शव मिला था। बृहस्पतिवार को शव की शिनाख्त नेपाल के गांव पालिका रोहणी वार्ड नंबर 2 खुरहुरिया जिला रुपनदेही निवासी शंकर खरबिंद साहनी (50) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शंकर खरबिंद की ससुराल परसा मलिक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत तरैनी निवासी रमपत साहनी के घर है। ससुराल में श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने वह मंगलवार की शाम नेपाल के खुरहुरिया से पैदल निकला था। ग्राम पंचायत रेहरा टोला मनिकौरा गांव के पास नौतनवां-ठूठीबारी मुख्य पर पुलिया के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह नाले मे जा गिरा था।
घटना स्थल से कुछ दूरी पर उसका गमछा व चप्पल गिरा मिला था। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि शव की शिनाख्त शंकर खरबिंद के रूप में हुई है। ग्राम पंचायत रेहरा के चौकीदार कैलाश की तहरीर पर अज्ञात पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस जांच कर रही है।