महराजगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में एक सप्ताह के भीतर 1364 मरीजों की ओपीडी दर्ज हुई है। इसी दौरान मात्र 14 मरीजों की ही आभा आईडी बनाई गई। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 30 जून से 5 जुलाई 2025 के बीच सीएचसी निचलौल में कुल 1364 मरीज इलाज के लिए आए। केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत प्रत्येक मरीज की यूनिक आभा आईडी बनाई जानी चाहिए, ताकि उसका मेडिकल रिकॉर्ड डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रहे और देश के किसी भी हिस्से में इलाज के समय आसानी से उपलब्ध हो सके। इस एक सप्ताह में सिर्फ 14 आईडी बनाना, स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि सीएचसी पर ऑनलाइन ओपीडी पर्ची की व्यवस्था वाले केंद्रों पर मरीजों से आभा आईडी की जानकारी ली जाए और जिनकी आईडी न बनी हो, उन्हें तत्काल पंजीकरण कर आईडी दी जाए। संवाद