मृतक मोहम्मद वैश का फाइल फोटो, संवाद
गोरखपुर जिले के कैम्पियरगंज जंगल में रविवार को दिन में एक बजे के करीब फरेंदा से घर गोरखपुर लौटते समय जंगली जानवर के टकराने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। उसने हेलमेट नहीं पहना था। वहीं, दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस दोनों को सीएचसी बनकटी ले गई। जहां से एक की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
गोरखपुर जिले के गोरखनाथ, जाहिराबाद निवासी मोहम्मद वैश (24) अपने साथ मोहम्मद उजैर को बाइक पर बैठाकर फरेंदा कस्बे में किसी काम के सिलसिले में आए थे। करीब एक बजे घर लौट रहे थे। एलबीएस पीजी काॅलेज के सामने पहुंचे थे कि जंगली जानवर सड़क पार कर रहा था। उससे वह टकरा कर सड़क पर गिर गए। दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना को देखते ही स्थानीय लोगों ने सूचना एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस दोनों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गई। जहां पर मोहम्मद वैश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि घटनास्थल कैम्पियरगंज क्षेत्र का है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सूचना वहां दे दी गई है।
घर में पसर गया मातम
गोरखपुर से किसी काम के सिलसिले में फरेंदा आए युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो घर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, युवक की मौत की खबर उनके दोस्तों व रिश्तेदारों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग सीएचसी बनकटी पहुंच गए। जहां पर पहुंचते ही वहां का माहौल गमगीन हो गया।
मृतक मोहम्मद वैश तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दो छोटे भाई मोहम्मद फैज व मोहम्मद जैद दहाड़ें मार कर रोने लगे। भाई के शव को देखते ही लिपट कर रोने लगे। वहीं, पिता अब्दुल सलीम को बेटे की मौत की खबर मिली तो अवाक रह गए। लोगों ने बताया कि मोहम्मद वैश गोरखनाथ मंदिर परिसर में दुकान करते थे। वह ईद की छुट्टी के कारण अपने दोस्त के साथ बाइक से घूमने के लिए फरेंदा आए थे। जहां से लौटते समय हादसे के शिकार हो गए।
सड़क हादसे में लगातार युवक गवां रहे जान
- गोरखपुर-सोनौली राजमार्ग पर आए दिन युवा सड़क हादसे में अपनी जान गवां रहे हैं। बाइक सवार हेलमेट पहनने पर भी विशेष जोर नहीं दे रहे हैं। इसका नतीजा है कि अक्सर बाइक सवारों की दुर्घटना में जान चली जा रही है। हेलमेट पहनने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाता है। फिर भी हादसों में कमी नहीं आ रही है।
- केस नंबर एक-16 फरवरी को बाजारडीह के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उदितपुर निवासी सुग्रीव की मौत हो गई थी।
- केस नंबर दो- 25 फरवरी को निरनामपूर्वी के अंकित चौधरी (27) की कैम्पियरगं फरेंदा जंगल में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई थी।
- केस नंबर तीन-22 अप्रैल को बृजमनगंज के नैनसर निवासी संजय चौहान (32) की बाइक की टक्कर में मौत हो गई। वहीं, उनका सात वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल था।