पनियरा। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैजूडेहरा निवासी संतोष सिंह (38) की शुक्रवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि युवक का साला सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। संतोष बाइक से अपने साले को लेकर गोरखपुर रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। हादसे के बाद बाइक को टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, संतोष सिंह थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खजुरिया निवासी अपने साले सुमित सिंह को गोरखपुर रेलवे स्टेशन बाइक से छोड़ने जा रहे थे तभी बभनौली-भटहट मार्ग पर बांकी रेंज जंगल के पास किसी अनियंत्रित वाहन की चपेट में आकर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले गए जहां डॉक्टरों ने संतोष सिंह को मृत घोषित कर दिया।