जिले के थाना बृजमनगंज के ग्राम पंचायत खडखोडी निवासी हजारी (35) पुत्र राजकुमार की रंजिश में कुदाल व गड़ासे से हत्या कर दी गई। वारदात रात साढ़े आठ बजे की है। आनन-फानन में परिजन घायल को लेकर सीएचसी लोटन पहुंचे, अस्पताल पर पहुंचते ही उसकी मौत हो गई।
घायल हजारी के साथ आए परिजन ने बताया कि उसी गांव के ही एक व्यक्ति से पुरानी रंजिश चल रही थी। किसी बात व मामले को लेकर दूसरे पक्ष से पूछताछ करने लगा। इसी दौरान विवाद हो गया। विवाद के बाद उसके घर वालों ने हजारी को मिलकर कुदाल व गड़ासे से हमला शुरू कर दिया।
इस वारदात में हजारी के गले पर गंभीर चोटें लग गईं। शोर करने पर आरोपी फरार हो गए।
परिजन नजदीक के सिद्धार्थनगर जिले के लोटन सीएचसी ले आए। अस्पताल पहुंचते ही हजारी की मौत हो गयी। इसकी सूचना बृजमनगंज पुलिस को दे दी गई है। घटना के असली कारण का पता नहीं चल पाया है। थानाध्यक्ष बृजमनगंज मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।