परतावल। श्यामदेउरवां थाने की परतावल पुलिस चौकी में तैनात एक सिपाही की सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पुलिस विभाग में चर्चा शुरू हो गई है। सिपाही ने नौतनवा थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार पुलिस चौकी के प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों के निलंबन से संबंधित फेसबुक पोस्ट पर कथित तौर पर पुलिस अधीक्षक के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए टिप्पणी की है। मामले की शिकायत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से पुलिस के उच्चाधिकारियों से की गई है। शिकायत पर महराजगंज पुलिस की ओर से जवाब देते हुए मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए श्यामदेउरवां के थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया है। इस संबंध में पूछने पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मामले की उन्हें जानकारी नहीं है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।