सोनौली। स्थानीय नगर पंचायत के आबादी क्षेत्र में पटाखे के अवैध भंडारण की सूचना पर बुधवार को एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने छापा मारकर कर भारी मात्रा में पटाखा बरामद किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार की दोपहर एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार और सीओ अंकुर कुमार गौतम को सूचना मिली कि एसएसबी रोड स्थित एक गोदाम से पटाखों की तस्करी नेपाल में हो रही है सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने एसएसबी रोड स्थित एक कटरे में छापा मारा। छापे में के दौरान वहां भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण मिला, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया है। जिन दुकानदारों ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया था वे अब उसे इधर-उधर करने में लगे हुए हैं, ताकि वे कार्रवाई से बच सकें। इस संबंध में एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार ने बताया कि आबादी क्षेत्र में पटाखों के अवैध भंडारण की सूचना पर कार्रवाई करके पटाखा बरामद किया गया है। संबंधित दुकानदारों पर आवश्यक अधिनियमों के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।