पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मंसूरगंज में खेत की रोपाई के दौरान बिजली पोल के स्टैग में करंट उतरने से हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से खेत में रोपाई कर रहे पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन फफक पड़े। आसपास के लोग भी दहशत में हैं। बिजली पोल के साथ स्टैग क्षेत्र के कई खेतों में लगे हैं।
शनिवार को ग्राम पंचायत मंसूरगंज में खेत की रोपाई की जा रही थी। रामपुर गांव के जगदीश निषाद व उसकी पत्नी शारदा खेत में रोपाई करने गए थे। खेत में जुताई हो रही थी। पलेवा करने के दौरान खेत में लगा स्टैग उखड़ गया। उसे ठीक करने के लिए जगदीश स्टैग के पास पहुंचे।
जैसे ही स्टैग स्पर्श किया तो करंट लग गया। वह खेत में गिर पड़े, उनको बचाने के लिए पत्नी शारदा देवी पहुंचीं, तो उन्हें भी करंट लगा। दोनों को एंबुलेंस से पनियरा पीएचसी लाया गया, जहां डाॅक्टरों ने पति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पत्नी का इलाज चल रहा है। वह खतरे से बाहर है। मृतक के छोटे पुत्र विष्णु ने बताया कि वह लोग ग्राम पंचायत रामपुर के निवासी हैं।
उसके 55 वर्षीय पिता जगदीश निषाद ने ग्राम पंचायत मंसूरगंज में 20 डिस्मिल खेत बटाई पर लिया था। घटना के बाद मौजूद ग्रामीणों ने बिजली कटवाई और दोनों को इलाज के लिए पीएचसी पनियरा पहुंचाया। प्रभारी थानाध्यक्ष पनियरा जय प्रकाश यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।