महराजगंज। मंगलवार को नगर के एक मैरेज हाल में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट और पतंजलि योग समिति की ओर से बाल योग एवं संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। आरएसएस के नगर संघ चालक आलोक रंजन त्रिपाठी और चंद्रजीत भारती ने योग का शुभारंभ किया।
योग शिक्षक रविंद्र गुप्ता ने योग साधकों को प्राणायाम, सूर्य नमस्कार सहित अन्य योगासन सिखाए। संत कुमार वर्मा के नेतृत्व में 50 से अधिक बाल योग साधकों को योग सिखाया गया। मुख्य अतिथि आलोक रंजन त्रिपाठी ने कहा कि स्वस्थ शरीर से ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को हमेशा योग करना चाहिए। चंद्रजीत भारती ने कहा कि योग से निरोग रहने में मदद मिलेगी। भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के जिला संयोजक विंध्यवासिनी सिंह ने कहा कि बाल संस्कार शिविर का उद्देश्य वर्तमान परिस्थिति में हो रहे संस्कारों की कमी को दूर करना है। इस अवसर पर नगर प्रभारी विनोद कुमार गुप्ता, उपेंद्र जायसवाल, गणेश कुमार श्रीवास्तव, धर्मेंद्र कुमार गुप्त, मनोज मल्लाह, बीडी यादव, प्रताप नारायण पांडे मौजूद रहे। संवाद