महराजगंज। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को जनपद के एक लॉन में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अनुनय झा ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले मतदाताओं और छात्र छात्राओं को बधाई देते हुए भारत के लोकतंत्र को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज वर्मा ने कहा कि हम कोई भी त्योहार बड़े धूमधाम से मनाते हैं, लेकिन यह एक ऐसा त्योहार है जिसमें आपको एक अधिकार दिया गया कि अपने मतों का प्रयोग करें। आप अपने मत के प्रयोग से लोकतांत्रिक सरकार को चुन सकते हैं। मतदाता जागरूकता अभियान के लिए जिला प्रशासन द्वारा नामित आइकॉन लोक गायक अमित अंजन ने भी अपने गीतों के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभिन्न शारीरिक और उम्र संबंधी बाधाओं को पार कर अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाले बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को सम्मानित किया गया। इनमें 85 वर्ष के वरिष्ठ मतदाता जीतमन शर्मा, रामनयन व 82 वर्ष के भरत को प्रशस्ति प्रमाण पत्र व शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। दिव्यांग मतदाताओं में संजीव प्रजापति, प्रमोद कुमार, संतराज, मनोज, अमीर खां और मनीष को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। निर्वाचक नामावली अभियान के दौरान 18 वर्ष आयु पूर्ण कर मतदाता सूची में नाम आने पर मतदान के प्रयोग के लिए वनटागिया गांव से चार युवक व तीन युवतियों को वोटर कार्ड दिया गया।
इसी प्रकार गांव व बूथों पर मतदाता सूची तैयार करने में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सुपरवाइजर अशोक कुमार, ओमप्रकाश, दुर्गेश चौधरी, मुनीर अहमद और बीएलओ मंजू देवी, नीतू देवी, विजय लक्ष्मी, दयानंद पटेल, पप्पू कुमार निषाद, संध्या, हेमलता, हरीलाल यादव व सीमा परवीन को सम्मानित किया गया। इनके साथ कंप्यूटर ऑपरेटरों को भी प्रशस्ति पत्र अपर जिलाधिकारी ने सम्मानित किया। आरके सनशाइन और जीजीआईसी महराजगंज के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। इसी प्रकार आरएस पब्लिक स्कूल खुटहा, महराजगंज इंटर कॉलेज महराजगंज, जीएसवीएस इंटर कॉलेज, आरके सनसाईन स्कूल, बजरंगी सिंह हाईस्कूल घुघली के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति और देशभक्ति गीतों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया।