नौतनवां। दिवाली, लक्ष्मी पूजा, छठ और मोहर्रम को देखते हुए शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस ने सीओ पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में नौतनवां में दंगा नियंत्रण का अभ्यास किया। इस दौरान सर्किल के सभी थानों की पुलिस के साथ क्यूआरटी तथा फायर ब्रिगेड भी मौजूद रही। दोपहर तीन बजे थाने से पुलिस टीम ने कुनसेरवां, ठूठीबारी चौराहा, मंडी समिति, जयहिंद चौराहा, अस्पताल चौराहा, जनता चौक, छपवां बाईपास तिराहा एवं बनैलिया चौक तक फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान सीओ ने लोगों को सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की। सभी चौक चौराहों सहित 39 चेकिंग प्वाइंट बनाकर पुलिस की स्पेशल पिकेट ड्यूटी भी लगायी गयी है। सीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर शान्ति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दंगा रिर्हसल किया गया। इस मौके पर इंस्पेक्टर नौतनवां मेवालाल, इंस्पेक्टर सोनौली फणिन्द्र यादव, इंस्पेक्टर बरगदवां रफीक अहमद, एसओ परसामलिक वीरेन्द्र विक्रम सिंह मौजूद रहे।