महराजगंज/फरेन्दा। लोहरपुरवा स्टेशन पर शनिवार देर शाम गोरखपुर जाने वाली डेमू ट्रेन पर चढ़ते समय एक युवक यात्रियों के धक्के से नीचे गिर दिया। जिससे उसका बायां हाथ कट गया और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे पीजीआई रेफर किया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। फरेन्दा क्षेत्र के झुनवा के ग्राम प्रधान धीरज ने बताया कि गांव का रघुबीर चौहान पंजाब काम करने के लिए घर से शनिवार को निकला था। शनिवार देर शाम गोरखपुर तक जाने वाली डेमू ट्रेन जैसे ही लोहरपुरवा स्टेशन पहुंची। रघुबीर चढ़ने के लिए आगे बढ़ा। तभी ट्रेन चलने लगी। आरोप है कि इस बीच कुछ यात्रियों ने उसे धक्का दे दिया। जिससे वह नीचे गिर गया और उसका बायां हाथ कट गया व सिर पर गंभीर चोट लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से रघुबीर को कैंपियरगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उसकी नाजुक हालत देखते हुए डाक्टरों ने रविवार सुबह पीजीआई रेफर कर दिया। रघुबीर के पुत्र अजय चौहान का कहना है कि लखनऊ से लौटकर वह सोमवार को पुलिस को तहरीर देगा। एसओ जीआरपी दिनेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।