सोनौली (महराजगंज)। भारत नेपाल सीमा सोनौली बॉर्डर से सटे रूपनदेही जिले के सभी सीमावर्ती क्षेत्रोड्ड में नेपाल सरकार ने शराब की बिक्री पर रोक लगा दी है। साथ ही नो मैंस लैंड से तीन किमी के दायरे में मौजूद शराब की सभी दुकानों के लाइसेंस रद्द कर बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। रूपनदेही जिलाधिकारी उदय राना मगर ने बताया कि सावन महीने से सोनौली सीमा से लेकर बेलहियां, भगवानपुर, मर्चवार समेत जिले की सभी भारत नेपाल सीमा से लगने वाली सरहदों से शराब बिक्री पर प्रतिबंध किया गया है। साथ ही बताया कि तीन किलोमीटर के अंदर सभी दुकानों के लाइसेंस रदद् करने के निर्देश आबकारी विभाग भैरहवा को दिए गए हैं। सरहद के निकट सभी होटल एवं रेस्तरां के नवीनीकरण पर भी रोक लगाई गई है। आदेश का उलंघन करने पर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।