महराजगंज। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से सदर ब्लाक के उसरवां वन ग्राम में स्वास्थ्य जागरूकता कैंप में वनटांगिया गांव में जीवन यापन करने वाले लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्रीभागवत सिंह ने कहा कि क्षेत्र में मच्छर जनित रोगों की आशंका बढ़ने लगी है। दूषित जल पीने से भी लोगों को तरह तरह की बीमारियां होती हैं। बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छ पानी पीने और मच्छरों से बचने की सलाह दी। उन्होंने सभी 5 वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर टीके लगवाने को कहा। रोग से बचाव के लिए टीका जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि बीमारी होने पर तुरंत डाक्टर से सलाह ले। गांव के डाक्टर से दवा न लें। उन्होंने बताया कि बरसात के समय में मच्छरों का प्रकोप तेज हो जाता है। 15 वर्ष तक के बच्चे को बुखार होने पर स्वास्थ्य केंद्र पर दिखाएं। डॉ. निरंजन सिंह ने गर्भवती महिलाओं को सरकारी सेवा का लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नवजात को पैदा होने से 6 माह तक मां का दूध जरूरी है। कैंप में नौ माह से 5 वर्ष तक के 29 बच्चों को विटामिन ए की खुराख पिलाई गई। इसके अलावा ओआरएस के पैकेट दिए गए। इस मौके पर डॉ. श्वेतांबरा गुप्ता, नेत्र सहायक कृष्णकांत यादव, फार्मासिस्ट आशुतोष त्रिपाठी, एएनएम बबिता सहित क्षेत्र की आशा व एएनएम मौजूद रहीं।