मिठौरा क्षेत्र के ग्राम मिश्रौलिया स्थित मिठौरा इंडेन गैस सेवा के गोदाम में शुक्रवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर 76 गैस सिलिंडर चोरी कर लिए। घटना की जानकारी होने पर एजेंसी संचालक ने चौक थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मिठौरा इंडेन गैस सेवा की प्रोपराइटर अस्मिता चंद का गैस गोदाम मिश्रौलिया गांव उत्तर तरफ में स्थित है। गोदाम इंचार्ज नागेन्द्र यादव पुत्र रामबचन यादव ने शनिवार को एजेंसी संचालक को सूचना दी कि शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़ दिया।
चोर गोदाम से कुल 76 सिलेंडर उठा ले गए। इनमें 12 भरे हुए तथा 64 खाली थे। घटना की सूचना मिलने के बाद एजेंसी संचालक ने चौक थाने में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि मौके का स्थलीय निरीक्षण कर जांच की जा रही है। संवाद