चार सचल दलों ने 65 केंद्रों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा बुधवार को विभिन्न केंद्रों पर हुई। पहली पाली मेंं हाईस्कूल अंग्रेजी व दूसरी पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान व अर्थशास्त्र की परीक्षा हुई। दोनों पालियों में पंजीकृत 63,191 परीक्षार्थियों में से 59,077 ने परीक्षा दी। 4,114 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय ने बताया कि पहली पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी विषय में पंजीकृत 43,015 परीक्षार्थियों में से 40,188 ने परीक्षा दी, जबकि 2,827 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में इंटर भौतिक विज्ञान व अर्थशास्त्र विषय में पंजीकृत 20,176 परीक्षार्थियों में से 18,889 ने परीक्षा दी। 1,287 अनुपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से गठित चार सचल दलों ने 65 केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक अमरनाथ राय के नेतृत्व वाले सचल दल ने निचलौल, नौतनवां, सिसवा, सदर, मिठौरा के 23 केंद्रों पर पहुंचकर स्थिति देखी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने परतावल, घुघली, फरेंदा व बृजमनगंज के 10 परीक्षा केंद्रों की शुचिता को जांचा।
डायट प्राचार्य की टीम ने सिसवा, मिठौरा, घुघली व सदर के 17 परीक्षा केंद्रों पर हो रही परीक्षा को देखा। राजकीय माध्यमिक विद्यालय अराजी जगपुर के प्रधानाध्यापक सुभाष चंद्र के नेतृत्व वाली टीम ने नौतनवां, लक्ष्मीपुर व बृजमनगंज के 15 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।