वैज्ञानिक विधि से खेती की दी जानकारी
ब्लॉक स्तरीय कृषि निवेश मेले का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
मिठौरा। ब्लॉक परिसर में कृषि निवेश मेला का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों को वैज्ञानिक विधि से खेती के संबंध में जानकारी दी गई।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. बीबी सिंह ने कहा कि फसल का बीमा होने पर अगर किसी कारण से फसल नहीं उग सकी तो भी किसान उसका मुआवजा लेने के हकदार होंगे। उन्होंने किसानों के हित में चलाई जा रही अन्य योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए हर किसान अपना पंजीकरण जरूर करा लें। उन्होंने बताया कि जनपद में खाद भरपूर मात्रा में उपलब्ध है। खंड विकास अधिकारी रविन्द्र वीर ने किसानों से सरकार की तरफ से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। किसान ऑनलाइन पंजीकरण कराकर उत्तम किस्म के बीज कृषि रक्षा इकाई से प्राप्त कर सकते हैं। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मिठौरा राम निवास यादव ने कहा कि किसान अपनी कृषि भूमि की मिट्टी का परीक्षण कराकर कर उन्नतिशील बीजों के माध्यम से अच्छी पैदावार कर ब्लॉक का नाम जनपद स्तर पर रोशन करें। इस अवसर एपीओ दिलीप गौतम, एडीओ पंचायत नन्दलाल यादव, सतीश प्रजापति, संतराज यादव, मनोज पटेल, जगदीश यादव, गिरजेश यादव आदि मौजूद रहे।