पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त
महराजगंज। कार्यों व दायित्वों के निर्वहन में असमर्थ पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त कर दी गई है। दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता पाए जाने पर कार्यकर्ता व सहायिका मिलाकर 12 को नोटिस जारी किया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि निचलौल ब्लॉक में तीन तथा फरेंदा व धानी ब्लॉक में एक-एक कार्यकर्ता की सेवा समाप्त हुई है। समस्त मुख्य सेविकाओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे विभागीय योजनाओं का कुशल क्रियान्वयन करना सुनिश्चित करें, जिससे कोई भी पात्र लाभार्थी विभागीय योजनाओं के लाभ से वंचित न हो। आंगनबाड़ी केंद्र का नियमानुसार संचालन एवं विभागीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए सघन निरीक्षण व पर्यवेक्षण के निर्देश दिए गए हैं। यह भी कहा कि निरीक्षण में बिना सक्षम अधिकारी से अनुमति प्राप्त किए केंद्र से अनुपस्थित रहने एवं पोषाहार वितरण में लापरवाही पाए जाने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मुख्य सेविका के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।