महराजगंज। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. बेंकटेश्वर लू ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए मतदाता पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। निर्देश दिया कि जिन बीएलओ द्वारा कोई फार्म नहीं दिया गया है उनसे काम पूर्ण कराएं। वोटर लिस्ट से मृतक मतदाताओं का नाम हटाए, जिनके नाम पता गलत हो उसे ठीक कराएं। उन्होंने कहा कि 16 जुलाई तक मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलेगा। सभी बीएलओ घर घर जाकर सर्वे करें तथा नाम बढ़ाने वाला फार्म 6, नाम काटने वाला फार्म 7 तथा नाम व उम्र सही करने वाला फार्म 8 प्राप्त करें तथा सभी फार्मों की 23 जुलाई तक फीडिंग कराएं। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए। यह भी कहा कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान राष्ट्रीय कार्यक्रम है, इसे गंभीरतापूर्वक लिया जाए। प्रशासन ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया कि जिले में 11 जुलाई तक नाम बढ़ाने के लिए 4919 फार्म, नाम काटने के लिए 16870 फार्म तथा नाम सही करने के लिए 1516 फार्म प्राप्त हुए हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी रामसिंहासन प्रेम, अपर जिलाधिकारी रतिभान वर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय प्रकाश, सभी उपजिलाधिकारी व तहसीलदार तथा नौतनवा, फरेंदा व सिसवा के बीडीओ मौजूद रहे।