संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले की दो नगर पालिका व आठ नगर पंचायतों में बृहस्पतिवार को मतदान कराने के लिए 286 पोलिंग पार्टियां बुधवार की शाम तक बूथों पर पहुंच गईं। बूथों पर पहुंचकर पोलिंग पार्टियां न सिर्फ मतदान को बेहतर ढंग से कराने के लिए मोर्चा संभाल लिया, बल्कि मतदान से जुड़े अधूरे कार्यों को पूरा कराने मेें जुट गए।
नगर पालिका महराजगंज व नौतनवां के अलावा नगर पंचायत पनियरा, परतावल, चौक बाजार, बृजमनगंज, आनंदनगर, सोनौली, घुघली व निचलौल में बने 119 मतदान केंद्रों के 286 बूथों पर इस बार मतदान होना है। पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के लिए चार स्थल निर्धारित किए गए थे। पोलिंग पार्टियों को सुबह 7:30 बजे निर्धारित स्थलों पर बुलाया गया था। सुबह आठ बजे के बाद एक-एक कर कार्मिक आते रहे।
सुबह 10 बजे के बाद कार्मिकों की संख्या तेजी से बढ़ी तथा उन्होंने रवानगी स्थल पर पहुंचकर सामग्री प्राप्त की। इसके बाद अपने बूथों के लिए रवाना हुए। पोलिंग पार्टियों में शामिल पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय व मतदान अधिकारी तृतीय ने बूथों पर अधूरे कार्यों को पूरा कराने का कार्य किया।
समेकित विद्यालय धनेवा-धनेई से नगर पालिका महराजगंज के 68, नगर पंचायत घुघली के 13, नगर पंचायत पनियरा के 22, नगर पंचायत परतावल के 26 व नगर पंचायत चौक के लिए 21 पोलिंग पार्टियां रवाना की गई। तहसील नौतनवां परिसर से पालिका नौतनवां के 33 व नगर पंचायत सोनौली के लिए 19 पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। तहसील फरेंदा से नगर पंचायत आनंदनगर के 43 व नगर पंचायत बृजमनगंज के लिए 20 पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। तहसील निचलौल से नगर पंचायत निचलौल के 21 पार्टियों को रवाना किया गया।
...
बच्चों को लेकर परेशान दिखे कार्मिक व परिजन
नगरीय निकाय चुनाव के लिए बड़ी संख्या मेंं महिला कार्मिक छोटे बच्चों को लेकर ड्यूटी पर आई थीं। कुछ महिला कार्मिकों के साथ आए परिवार के सदस्यों ने बच्चों को संभालने का कार्य किया। महिला कार्मिकों ने पुरुषों कार्मिकों की पर्याप्त संख्या को देखते हुए मुक्ति भी चाही, मगर अधिकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी।
...
प्रेक्षक ने दो रवानगी स्थल का किया निरीक्षण
नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामित किए गए प्रेक्षक शिव प्रसाद प्रथम ने समेकित विद्यालय महराजगंज व निचलौल तहसील में पहुंचकर पार्टियों की रवानगी की स्थिति को देखा तथा व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित करें कि पोलिंग पार्टियों को बूथों पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस दौरान लाइजनिंग ऑफिसर जितेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।
...
इन पिंक बूथों पर महिला कार्मिक कराएंगी मतदान
नगर पालिका महराजगंज- कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय महराजगंज द्वितीय कक्ष एक
नगर पालिका नौतनवां- राजकीय कन्या इंटर कॉलेज कक्ष संख्या पांच
नगर पंचायत आनंदनगर- राजकीय कन्या इंटर कॉलेज आनंदनगर
नगर पंचायत निचलौल- प्राथमिक पाठशाला, निचलौल नगर पंचायत घुघली नगर पंचायत
सोनौली- प्राथमिक पाठशाला जुगौली कक्ष संख्या एक
नगर पंचायत पनियरा- प्राथमिक विद्यालय पनियरा खास कक्ष संख्या एक
नगर पंचायत परतावल- प्राथमिक पाठशाला पुराना भवन परतावल कक्ष संख्या एक
नगर पंचायत बृजमनगंज- प्राथमिक पाठशाला द्वितीय हाताबेला हरैया
नगर पंचायत चौक- दिग्विजयनाथ बालिका इंटर कॉलेज चौक कक्ष संख्या एक
..
दुकान न होने से खाद्य सामग्री के लिए परेशान रहे कार्मिक
तेज धूप होने की वजह से रवानगी स्थल समेकित विद्यालय पर की गई पानी की व्यवस्था से कार्मिकों को राहत मिल गई, मगर आसपास खाद्य सामग्री के न होने से उन्हें सुबह से बिना खाए-पीए ही दोपहर बाद तक रहना पड़ा। उन्होंने आसपास खाद्य सामग्री की भी तलाश की, मगर निराशा हाथ लगी। समेकित विद्यालय में 10 बजे के बाद आए कार्मिक चिलचिलाती धूप से परेशान नजर आए। धूप से निजात पाने के लिए कार्मिकों ने दुपट्टे का सहारा लिया। पोलिंग पार्टियों को सैनिटाइजर भी दिया गया।
...
रोडवेज वर्कशाॅप से रवाना हुए वाहन
पोलिंग पार्टियों के लिए वाहनों को रोडवेज के वर्कशाॅप में खड़ा कराया गया था। वहां पर पहुंचकर पार्टियों ने निर्धारित वाहन को तलाशा एवं उससे बूथों के लिए रवाना हो गए।
...
प्रशासनिक अधिकारियों ने रखी व्यवस्था पर नजर
डीएम सत्येंद्र कुमार व एसपी डॉ. कौस्तुभ ने चारों रवानगी स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्था को देखा। समेकित विद्यालय में उन्होंने सभी पांचों निकाय के लिए बने टेबलों पर पहुंचकर व्यवस्था देखी। रिजर्व कार्मिकों के पास पहुंचकर स्थिति का पता लगाया। इसके बाद अन्य रवानगी स्थल पर पहुंचे। इस दौरान प्रभारी अधिकारी कार्मिक संतोष कुमार राय, सहायक अधिकारी कार्मिक आरके पांडेय, अमरनाथ राय व आशीष कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक अनुज कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। नौतनवां संवाद के मुताबिक अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने तहसील सभागार में पहुंचकर पार्टी की रवानगी की जानकारी ली तथा कार्मिकों को पूरे मनोयोग से कार्य करने को कहा। इस दौरान उप जिलाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक अजय सिंह चौहान, निर्वाचन अधिकारी शांतप्रकाश श्रीवास्तव व डॉ. सुशांत सिंह आदि मौजूद रहे। फरेंदा व निचलौल में भी अधिकारियों ने तहसील सभागार में पहुंचकर पार्टियों को आवश्यक निर्देश दिए।