नगर पालिका नौतनवां व नगर पंचायत निचलौल में अध्यक्ष पद पर नहीं दाखिल हुआ कोई नामांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। नगर पालिका व नगर पंचायतों में अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए पांचवें दिन शनिवार को कुल 277 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इनमें अध्यक्ष पद के लिए कुल 13 व सभासद के लिए 264 उम्मीदवारों ने नामांकन में रुचि दिखाई। नगर पालिका नौतनवां व नगर पंचायत निचलौल में कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ।
नगर पालिका महराजगंज और नगर पंचायत पनियरा व चौक में अध्यक्ष पद के लिए एक-एक नामांकन दाखिल हुआ। नगर पंचायत आनंदनगर, निचलौल, बृजमनगंज, परतावल व सोनौली में दो-दो उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इसी प्रकार सदस्य पद के लिए नगर पालिका महराजंगज में 35 व नौतनवां में 31 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।
नगर पंचायत आनंदनगर में 37, बृजमनगंज में 45, निचलौल में 18, घुघली में सात, सोनौली में 12, पनियरा में 35, परतावल में पांच व चौक में 39 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने कहा कि अध्यक्ष व सभासद पद के लिए कुल 277 ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
धीमी पड़ी नामांकन पत्रों की बिक्री की रफ्तार
नामांकन के लिए सोमवार को अंतिम तिथि को देखते हुए नामांकन पत्रों की बिक्री की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। सभी 10 निकायों में शनिवार को 80 से अधिक पर्चे के बिक्री की सूचना दी गई है।
सदस्य पद के लिए नामांकन के लिए उमड़ रही भीड़
जिले के सभी 10 निकायों में नामांकन के लिए भीड़ जमा हो रही है। सभी सात नामांकन स्थलों पर अभी सदस्य पद के नामांकन कक्ष मेें अधिक भीड़ नजर आ रही है। जबकि अध्यक्ष पद के नामांकन कक्ष में सन्नाटा दिख रहा है।
शनिवार को सदस्य पद के लिए दोनों नगर पालिकाओं के साथ ही नगर पंचायत आनंदनगर, बृजमनगंज, पनियरा व चौक के सदस्य पद के नामांकन कक्ष के अंदर व बाहर सर्वाधिक भीड़ नजर आई। अन्य निकायों में भी नामांकन हुए मगर उनकी संख्या उपरोक्त नगर पंचायतों के मुकाबले कम नजर आई।
अंतिम दिन नामांकन में जोर लगाएंगे दिग्गज
पालिका व नगर पंचायतों में नामांकन के लिए अंतिम दिन सोमवार को सभी दिग्गज उम्मीदवार अपना जोर लगाएंगे। कुछ उम्मीदवारों ने रविवार को भी नामांकन की योजना बनाई है।