महराजगंज/निचलौल। शहर के चिऊटहा मार्ग पर क्षेत्रीय विकास निधि लिमिटेड शाखा में 35 उपभोक्ताओं का करीब 25 लाख रुपये कई महीने से फंसा हुआ है। ऐसे में नाराज उपभोक्ता सोमवार को बैंक पहुंच गए। फिर बैंक के जिम्मेदार से जमा रकम की भुगतान कराने के लिए बहस करने लगे। बात नहीं बनी तो उपभोक्ताओं ने कुछ देर तक हंगामा भी किया। इतना ही नहीं रकम भुगतान कराने के लिए उपभोक्ता बैंक पर घंटों अड़े रहे, लेकिन अंत में आश्वासन पाकर घर लौट गए।
बैंक पर रकम की निकासी करने आए उपभोक्ता दिनेश कसौधन ने कहा कि बैंक में करीब एक लाख रकम जमा किए है। जिसका समय अवधि पूरा भी हो चुका है। लेकिन तीन महीने बाद भी उनके रकम का जिम्मेदारों ने भुगतान नहीं किया। ऐसे में उन्हें काफी दिक्कत हो रही है। वही कुंती देवी ने कहा कि बैंक में उनका 3 लाख 73 हजार रुपये जमा है। समय अवधि पूरा हुए दो माह से अधिक हो चुके हैं, लेकिन उनकी रकम का भुगतान नहीं किया गया है। हालांकि पति का तबीयत काफी खराब चल रही है। जिनकी इलाज कराने में तमाम परेशानी हो रही है।
गुड्डी देवी ने कहा उनका बैंक में 32 हजार रुपये जमा है। लेकिन भुगतान नहीं किया गया। बनारसी कसौधन ने कहा कि उनका बैंक में 30 हजार रुपये जमा है। जिसका भुगतान कराने के लिए कई दिनों से बैंक का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार केवल आज कल का आश्वासन देकर लौटा दे रहे हैं। मनोज कसौधन ने कहा कि खुद के नाम और पिता देवीलाल के नाम से बैंक में करीब चार लाख रुपये जमा किए है। रकम भुगतान के लिए समय अवधि पूरा हो चुका है। आवश्यक कार्य को पूरा करने के लिए रकम की काफी जरूरत है। फिर भी बैंक की ओर से उनका भुगतान नहीं किया जा रहा है। राकेश कुमार ने कहा कि उनका बैंक जमा 60 हजार रुपये का भुगतान होने का समय अवधि पूरा हो चुका है। लेकिन पैसा नहीं दिया जा रहा है। इसी तरह बैंक में जमा तमाम उपभोक्ताओं का भुगतान नहीं किया जा रहा है। बैंक के जिम्मेदारों की मनमानी के चलते रकम जमा करने वाले लोगों की मुसीबत बढ़ती चली जा रही है।
वही बैंक में मौजूद कर्मीराकेश कुमार गुप्ता बताया कि वह क्षेत्रीय विकास निधि लिमिटेड शाखा में अभिकर्ता है। लोन की रिकवरी चार पांच महीनों से फंस गई है। जिसके चलते उपभोक्ताओं का जमा रकम का भुगतान नहीं हो पा रहा है। अब इसमें सुधार होना शुरू हुआ है। जैसे ही रिकवरी होना चालू हो जाएगा। वैसे ही उपभोक्ताओं की रकम का भुगतान कर दिया जाएगा।