जिले में 23145 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
महराजगंज। जिले में कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए सोमवार को लोग संबंधित केंद्रों पर पहुंचे। भीड़ कम होने के कारण लोगों को टीका लगवाने में आसानी से हुई। केंद्रों पर तैनात कर्मियों ने लोगों को दूसरे डोज लगवाने के लिए जागरूक किया। जिले में 23145 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। महिला अस्पताल में टीका लगवाने पहुंचे महेश, राकेश ने बताया कि अब टीका आसानी से लग जा रहा है। पहले टीका लगवाने के लिए घंटो इंतजार करना पड़ता था। वहीं, घुघली, रतनपुर, परतावल, फरेंदा समेत केंद्र पर लोगों ने टीका लगवाया। इसके अलावा मोबाइल टीम भी भ्रमण कर लोगों को टीका लगाई। सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्र पर तैनात सभी कर्मियों को दायित्व के प्रति सजग रहने का निर्देश दिया गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रयास तेज कर दिया गया है।