महराजगंज। नगर पंचायत चौक के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित स्वास्थ्य मेले के शिविर में 23 मरीजों का उपचार किया गया। शिविर में पहुंचे मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं दी गई। शिविर में मलेरिया, टॉयफाइड और शुगर सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। कुल 14 मरीजों की पैथोलॉजिकल जांच हुई जबकि अन्य मरीजों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरी सलाह दी गई। इस मौके पर दो किशोरियों को एचपीवी का टीका भी लगाया गया। शिविर में फॉर्मासिस्ट अवनींद्र कुमार गुप्ता, स्टॉफ नर्स ममता, लैब टेक्नीशियन फारुख अंसारी, एएनएम नीतू शर्मा तथा वॉर्ड ब्वॉय वेद प्रकाश पांडेय सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।