महराजगंज। पेंशन पाने के लिए फैमिली आईडी जरूरी है। जिन पेंशनरों के पास फैमिली आईडी नहीं है उनका पेंशन विभाग द्वारा रोक दिया जाएगा। जनपद में 23,631 ऐसे पेंशनर हैं जिनकी फैमिली आईडी नहीं बनी है। इनमें 17,776 वृद्धावस्था, 4,505 निराश्रित महिला और 1350 दिव्यांग पेंशनर हैं।
दिव्यांग जन सशक्तीकरण विभाग के मुताबिक जिन पेंशनरों के पास फैमिली आईडी नहीं है, उनके पेंशन की दूसरी किस्त रोक दी जाएगी। एक जनपद एक आईडी योजना के तहत फैमिली आईडी जरूरी कर दी गई है। पेंशन के लिए जिन लोगों के पास राशनकार्ड है या नहीं है सभी के लिए फैमिली आईडी जरूरी है। शासन के निर्देश पर बिना फैमिली आईडी के संबंधित विभाग से पेंशनर के खाते में पेंशन की धनराशि नहीं दी जाएगी।
समाज कल्याण विभाग में वृद्धावस्था पेंशन के एक लाख सात हजार पेंशनर हैं, जिनमें से 17,776 पेंशनरों की फैमिली आईडी नहीं है। महिला कल्याण विभाग की 42 हजार निराश्रित महिला पेंशनर हैं, जिनमें से 4505 पेंशनरों के पास फैमिली आईडी नहीं है, जबकि 15,739 दिव्यांगजन पेंशनर हैं। जिनमें से 1,350पेंशनरों की फैमिली आईडी नहीं बनी है। जिन पेंशनरों के पास फैमिली आईडी नहीं है। उनका पेंशन रोक दिया जाएगा। अभी तक 23,631 लाभार्थियों का फैमिली आईडी नहीं बन सका है।
ऐसे बनवाएं फैमिली आईडी : वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और विक्लांग पेंशन के लाभार्थी पंचायत सहायक या सहज जन सेवा केंद्र पर आधार कार्ड और जरूरी दस्तावेज ले जाकर फैमिली आईडी बनवा सकते हैं।
शासन की योजनाओं के लाभ के लिए फैमिली आईडी जरूरी है। 23631 पेंशनर की फैमिली आईडी नहीं बनी है। हर हाल में फेमिली आईडी बनवा लें।
-शांत प्रकाश श्रीवास्त, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी