ट्रेवेल्स एजेंसी की लापरवाही के कारण बेंगलुरु के 22 भारतीय पर्यटकों का दल नेपाल के पोखरा में दो दिनों से फंसा है। भारतीय टूर ऑपरेटर ने अभी तक नेपाल होटल मैनेजमेंट का बकाया तीन लाख रुपये जमा नहीं किया है। इससे पर्यटकों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। उनके पास रहने-खाने तक के पैसे नहीं बचे हैं।
बेंगलुरु के 22 भारतीय पर्यटकों के दल ने नेपाल घूमने के लिए बेंगलुरु के एक टूर एंड ट्रेवल्स के मालिक को प्रति व्यक्ति के हिसाब से 50-50 हजार भारतीय रुपये दिए थे। बेंगलुरु से बनारस ट्रेन से बनारस से बस से नेपाल के लुंबिनी, जनकपुर, मुक्तिनाथ, पोखरा, मनोकामना और काठमांडो की यात्रा, भोजन और रहने का इंतजाम था।
दल को मुक्तिनाथ और पोखरा में रहने के लिए पोखरा के एक होटल को इसका जिम्मा दिया गया। कहा गया था कि पर्यटकों के होटल छोड़ने से पहले ही खाते में भुगतान भेज दिया जाएगा। समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण पोखरा के होटल मालिक ने पोखरा पुलिस को इसकी शिकायत की है और यात्रियों को अपने होटल परिसर में रहने की जगह दी है।
पोखरा के होटल मालिक दुर्गा पांडेय ने बताया बेंगलुरु के टूर एंड ट्रेवल वाले ने यात्रियों के साथ धोखा किया है। उसने कहा कि जब पर्यटकों से एडवांस भुगतान लिया था तो होटल का भुगतान भी समय से करना चाहिए। करीब तीन लाख का भुगतान बाकी है।
22 पर्यटकों को अपने साथ बेंगलुरु से नेपाल लाने वाले टूर मैनेजर टी कल्याण का कहना है, भुगतान नहीं आने के कारण पर्यटक पोखरा में फंसे हैं। इनका काठमांडो दौरा अभी बाकी है।