महराजगंज। स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत जनपद के ग्राम पंचायतों में वर्ष 2024-25 के लिए 21,919 शौचालय बनवाने का लक्ष्य मिला है। ओडीएफ प्लस गांव (व्यक्तिगत शैचालय की सुविधा) बनाने के लिए आगामी 29 जुलाई से 18 अगस्त तक अभियान चलाया जाएगा। 21 दिन तक चलने वाले अभियान में व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए लाभार्थी के चयन से लेकर शौचालय निर्माण पूर्ण कराने तक रिपोर्ट किया जाना शामिल है।
अभियान के प्रथम सप्ताह में ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्राम पंचायत सचिव व पंचायत सहायक की टीम का गठन किया जाएगा। सर्वे कराकर शौचालय विहीन परिवारों की सूची तैयार की जाएगी। पंचायत भवन में कैंप लगाकर शौचालय विहीन पात्र परिवारों का ऑनलाइन आवेदन कराया जाएगा। अभियान के दूसरे सप्ताह में ऑनलाइन आवेदन के बाद ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, पंचायत सहायक के संयुक्त हस्ताक्षर से अंतिम सूची को सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के माध्यम से जिला पंचायत राज अधिकारी को उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान के तीसरे चरण में पात्र लाभार्थियों को धनराशि उपलब्ध कराकर शौचालय निर्माण कराया जाएगा। जिला पंचायती राज विभाग के मुताबिक पिछले वित्तीय वर्ष तक जनपद के बारह ग्राम पंचायतों में 71937 शौचालय बनवाने का लक्ष्य था जिसमें 70936 शौचालय बनाए जा चुके हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में 21,919 शौचालय बनाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिसके लिए आगामी 29 जुलाई से अभियान चलाया जाएगा। जिन परिवारों में व्यक्तिगत शौचालय की सुविधा नहीं है। सर्वे कराकर ऐसे परिवारों का व्यक्तिगत शौचालय के लिए ऑनलाइन आवेदन कराया जाएगा। अभियान के तीसरे चरण में पात्र लाभर्थियों को धनराशि उपलब्ध कराकर शौचालय निर्माण कराया जाएगा।