निचलौल। किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर जेएचवी सुगर मिल का शुक्रवार को प्लांट व मिल की नीलामी कोई खरीदार न आने के कारण नहीं हो सकी। जेएचवी सुगर मिल गड़ौरा पर गन्ना किसानों का पेराई सत्र 2014-2015 का 29 करोड़ 61 लाख 62 हजार रुपये बकाया है। भुगतान के लिए जेएचवी की गौनरिया स्थित लगभग 13 एकड़ जमीन की नीलामी के लिए तहसील प्रशासन ने कई बार तिथि तय की लेकिन न तो उस जमीन के खरीदार ही आते हैं और न ही प्रशासन इसे गंभीरता से लेता है। शुक्रवार को मिल के विद्युत उत्पाद प्लांट व चीनी उत्पादन प्लांट की नीलामी होनी थी। लेकिन कोई खरीदार न पहुंचने के कारण नीलामी अधिकारी 5 बजे तक इंतजार करते रहे। इस संबंध में नीलामी अधिकारी प्रद्युम्न पटेल ने बताया कि कोई नीलामी लेने नहीं पहुंचा। हम लोग इंतजार करते रहे। अगली तिथि बाद में घोषित की जाएगी।