अनुपस्थित मिलने पर दो सफाईकर्मी निलंबित
महराजगंज। जिला पंचायत राज अधिकारी यावर अब्बास ने शुक्रवार को धानी ब्लॉक के कानापार ग्राम पंचायत का निरीक्षण किया। सफाई न मिलने व ग्राम पंचायत से अनुपस्थित रहने पर दो सफाई कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में वे सहायक विकास अधिकारी पंचायत धानी कार्यालय से संबंद्ध रहेंगे।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि ग्राम कानापार के निरीक्षण में पंचायत भवन के दो कमरे ग्राम पंचायत के कब्जे में मिले। शेष पर आयुर्वेदिक अस्पताल व पुलिस विभाग का कब्जा पाया गया। ग्राम पंचायत की सामग्री स्टोर रूम में खराब स्टॉक के रूप मेें रखी मिली। सफाई का अभाव भी मिला। नालियों के टूटने से सड़क पर पानी बहता पाया गया। प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में सफाई का अभाव मिला एवं शौचालय टूटा मिला।
ग्राम पंचायत में तैनात तीन सफाई कर्मियों में अरविंद यादव उपस्थित मिले, जबकि सुनील कुमार व श्यामसुंदर अनुपस्थित पाए गए। दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए सहायक विकास अधिकारी पंचायत कार्यालय धानी से संबद्ध कर दिया गया।