सोनौली(ब्यूरो)। नेपाल में लंबे समय से नाम पता छुपा कर रह रहे 36 बांग्लादेशी नागरिकों को नेपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए लोग सोनौली बॉर्डर समेत भारत नेपाल सीमा से जुड़े सभी स्थानों का भ्रमण भी कर चुके हैं। नेपाल अध्यागमन विभाग के अनुसार, काठमांडू पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर नेपाल में चोरी-छिपे रह रहे बांग्लादेश के 36 नागरिकों को हिरासत में लिया है। दूतावास कार्यालय ने सभी की पहचान की है। हिरासत में लिए गए सभी बांग्लादेशियों में 12 नेपाल-बांग्लादेश अध्यागमन समझौते के तहत पूर्व में ही देश निकाला आदेश के बाद भूमिगत हो गए थे। जबकि शेष 24 से पूछताछ की जा रही है। नेपाल गृह मंत्रालय के अनुसार, पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिक तीन वर्ष पहले चोरी छिपे रास्तों से नेपाल में प्रवेश किए थे और अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे। देश निकाला घोषित दो बांग्ला देशी नागरिक तीन माह जेल में थे। उन्हें नियम के अनुसार 50 हजार जुर्माना देने के बाद देश से बाहर किया जाएगा। शेष लोगों से पूछताछ के बाद जेल भेजने व जुर्माने की प्रक्रिया शुरू होगी। सूत्र बताते हैं कि नेपाल पुलिस अवैध रूप से नेपाल में रह रहे बांग्लादेशियों और पाकिस्तानियों के संबंध में सघन छानबीन कर रही हैं। नेपाल पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के साथ पूर्व में भूमिगत पाकिस्तानी नागरिकों के पकड़े जाने की संभावना है।