डाटा फीड न करने वाले विद्यालयों के मान्यता समाप्ति की हो सकती है कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के 168 विद्यालयों की ओर से यू डायस प्लस पोर्टल पर डाटा फीडिंग में रुचि नहीं दिखाई जा रही है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इन विद्यालयों के प्रबंधकों व प्रधानाध्यापकों को फीडिंग तीव्र गति से कराने को कहा गया है। यह भी कहा गया है कि डाटा फीडिंग में रूचि न लेने वाले स्कूलों के मान्यता को समाप्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
यू-डायस प्लस पोर्टल पर वर्ष 2022-23 में चिह्नित विद्यार्थियों का डाटा फीड कराने के निर्देश दिए गए थे। शत प्रतिशत विवरण के फीड होने से वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट आवंटन संबंधी प्रक्रिया को छात्र संख्या के आधार पर किया जा सकेगा। ऐसे में जब तक विवरण फीड नहीं होगा, समस्या आएगी। समस्या को कम करने के उद्देश्य से विभाग ने 20 मई तक समयसारिणी निर्धारित की थी, मगर 3378 विद्यालयों मेें से 168 ऐसे मिले जिन्होने विवरण को फीड नहीं कराया। फीडिंग न करने वाले निजी विद्यालयों में 130 प्राथमिक स्तर के, तीन माध्यमिक स्तर के स्कूल व 35 मदरसे हैं।
फरेंदा व नौतनवां में सर्वाधिक फीडिंग लंबित नौतनवां व फरेंदा ब्लॉक में सर्वाधिक 25-25, मिठौरा में 22, लक्ष्मीपुर में 20, बृजमनगंज में 18, परतावल में 17, सदर में 13, निचलौल में नौ, घुघली में आठ, सिसवा में छह व पनियरा में पांच विद्यालयों ने विद्यार्थियों का डाटा फीड नहीं किया है।
जिन विद्यालयों ने विद्यार्थियों के डाटा को फीड नहीं कराया है वे तत्काल इसे फीड कराएं। इसमें किसी प्रकार की कोई शिथिलता न बरती जाए।
आशीष कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी