छह एएनएम से स्पष्टीकरण तलब
टीकाकरण में लापरवाही से जिला प्रतिरक्षण अधिकारी नाराज
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉक्टर आईए अंसारी ने जिले के विभिन्न सीएचसी-पीएचसी पर बैठक कर जिले में हो रहे नियमित टीकाकरण के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने छह सीएचसी के अधीक्षक को सबसे कम टीकाकरण करने वाली एएनएम की सूची तैयार करने और स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया है। साथ ही नाराजगी जाहिर करते हुए भविष्य में सचेत रहने को कहा। उन्होंने बताया कि बीते दिनों लक्ष्मीपुर, फरेंदा, सदर, बृजमनगंज और पनियरा ब्लॉक में बैठक की गई। जिसमें एएनएम द्वारा किए गए टीकाकरण की समीक्षा हुई। समीक्षा में कई एएनएम की प्रगति बहुत ही खराब मिली। जिसपर संबंधित सीएचसी अधीक्षक को खराब प्रगति वाली एएनएम की सूची तैयार करने और स्पष्टीकरण तलब करने के लिए निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर बच्चों गर्भवती महिलाओं को टीका लगाया जाना है। लेकिन सभी ब्लॉकों में कुछ ऐसे भी एएनएम की रिर्पोट मिली जो 50 प्रतिशत से कम टीकाकरण की है। ऐसे एएनएम से स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया गया है। सभी जबाब न मिलने पर जिले स्तर से कार्रवाई की जाएगी।