मतदान समाप्त होते ही बिजली कटौती
मिठौरा। मतदान की प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही विद्युत की कटौती भी शुरू हो गई है। इससे गर्मी में उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्र के सिंदुरियां, कनचनपुर, पतरेंगवां, पिपराकल्याण आदि गांवों में बिजली कटौती हो रही है। बिजली कटौती के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित है। उमस भरी गर्मी से छोटे बच्चे, महिलाओं, बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। सिंदुरियां निवासी सुशील वर्मा का कहना है कि चुनाव बीतते ही बिजली कटौती शुरू हो गई। गर्मी में कम से कम 18 घंटे बिजली मिलनी चाहिए। सिंदुरियां निवासी शाहआलम, अब्दुल जब्बार, इमरान आदि का कहना है कि प्रतिदिन सुबह 9 बजे से ही बिजली कट जाती है। इससे रोजेदारों को परेशानी हो रही है। सुशील वर्मा, नीरज गुप्ता, शाह आलम, इमरान, अब्दुल जब्बार, संदीप, सुंजीत, कृष्णमोहन, विक्रम, राहुल, कृष्णा आदि ने विद्युत निगम के अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर कटौती बंद कराने की मांग की है।