12 हजार बुजुर्गों में जगी पेंशन पाने की आस
डीएम ने स्वीकृत कर शासन को भेजी सूची
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जल्द ही 12126 बुजुर्गों के खाते में पेंशन की धनराशि पहुंच जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी की तरफ से सूची शासन को अनुमोदित कर दी गई है।
यह जानकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी विनोद कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने इस वित्तीय वर्ष में कुल 12126 नए लोगों के लिए वृद्धा पेंशन को स्वीकृत दे दी है। सूची शासन को भेज दी गई है। शासन स्तर से संबंधित लोगों के बैंक खातों में रकम भेजने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि मई 2018 में कुल 3000 आवेदन डीएम ने स्वीकृत किया था। उससे पहले नवंबर 2018 में 1000 आवेदन स्वीकृत किए। डीएम के निर्देश पर दिसंबर माह में ब्लॉक स्तर से प्राप्त कुल 8126 आवेदनों को स्वीकृत दी गई है। इसमें धानी ब्लॉक के 166, घुघली के 1287, लक्ष्मीपुर के 457, सदर के 1029, मिठौरा के 746, नौतनवां के 1164, निचलौल के 319, पनियरा के 508, परतावल के 672, फरेंदा के 513 आवेदन स्वीकृत हुए हैं। वहीं नगरीय निकायों में नगर पंचायत आनंद नगर के तीन, घुघली के 22, नगर पालिका परिषद महराजगंज के 8, नगर पालिका नौतनवां के छह, निचलौल के सात, सिसवां के 12 आवेदन स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही लाभार्थियों को पेंशन का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि सभी बीडीओ व एसडीएम को ब्लॉक व नगर पालिका स्तर से लंबित आवेदनों को जल्द से जल्द समाज कल्याण कार्यालय को भेजने को कहा गया है। ताकि इन आवेदनों को भी स्वीकृत किया जा सके।