महराजगंज। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पद्मावती फिल्म के निर्माता का पुतला जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि फिल्म के जरिए इतिहास को गलत ढंग से प्रस्तुत कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, यह उचित नहीं है। इसका विरोध होता रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म के प्रदर्शन पर सरकार तत्काल रोक लगाने की मांग की। बजरंग दल के जिला सह संयोजक अमित पांडेय ने कहा कि अगर फिल्म को प्रतिबंधित नहीं किया गया तो इसके खिलाफ बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना था कि रानी पद्मावती के बारे में इतिहास में जो बातें कही गई हैं, उस हिसाब से फिल्म में उनका किरदार नहीं है। आरोप लगाया कि जानबूझ कर कर इतिहास को गलत ढंग से प्रस्तुत करने की कोशिश की जा रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर चंद्र किशोर, प्रियांशु, सत्यम, अरविंद, अंकित ,रूपेश, अरुण, चंदन, शत्रुघन के अलावा अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।