घुघली (महराजगंज)। तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग करना एक युवक को भारी पड़ गया। समारोह में ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया तथा उसके विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर जेल भेज दिया। बीती रात थाना गेट के ठीक सामने बांसपार ढेकही निवासी पारस नाथ सिंह का मकान है। उनके लड़के का तिलक समारोह था। देर रात गोरखपुर से तिलक लेकर आए मेहमानों के स्वागत के बाद तिलक का कार्यक्रम शुरु हुआ। उसी दौरान लड़की पक्ष की तरफ से आए गोरखपुर निवासी आरके मिश्र ने अचानक अपनी राइफल से हवा ने ताबड़तोड़ फाइरिंग शुरु कर दी। गोली की आवाज सुन कर पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा फायरिंग कर रहे आरके मिश्र को हिरासत में लेते हुए हर्ष फायरिंग की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष राज प्रकाश सिंह ने बताया कि किसी भी समारोह में हर्ष फायरिंग पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद आरोपी राइफल से कई राउंड फायरिंग किया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।