महराजगंज। यातायात माह के तहत स्वर्ण प्रभा पीजी कॉलेज आनंद नगर के विद्यार्थियों ने बृहस्पतिवार को जागरूकता रैली निकाली। इसमें शामिल विद्यार्थी लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दे रहे थे। यातायात जागरूकता रैली को सीओ फरेंदा गौरव कुमार त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैली कॉलेज से शुरू होकर ब्लॉक परिसर, निराला नगर, विष्णु मंदिर तिराहा, महराजगंज तिराहा, मिल गेट होते हुए फिर कॉलेज परिसर पहुंचकर सभा के रूप में तब्दील हो गई। सभा में सीओ ने लोगों को महिला हेल्प लाइन नंबर 1090, डायल 100 नंबर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहती है। किसी भी प्रकार की घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस को सूचना दें। एसओ सत्येंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई। बीएड की छात्रा रूपांजली ने सावधानी हटी दुर्घटना घटी का नारा दिया। सोनी त्रिपाठी ने संदेश दिया कि तीन व्यक्ति बैठ कर गाड़ी न चलाएं। एमए की छात्रा गीतांजली ने हेलमेट पहन कर बाइक चलाने का संदेश दिया। प्राचार्य अशोक मिश्रा ने कहा जागरूक रहने से ही सुरक्षित आवागमन संभव है। इस दौरान समीर पाठक, राजेश कुमार मिश्र, केशव मिश्रा, लक्ष्मी नरायन शुक्ल, शिवानी ओझा, पुष्पा त्रिपाठी, अनुपमा अग्रहरि, कमलेश यादव मौजूद आदि रहे।